Breaking News
BigRoz Big Roz
Home / Breaking News / कोविड वेक्सीनेशन का तीसरा चरण एक मार्च से – 60 वर्ष से अधिक आयु वाले और 45 से अधिक आयु के गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्ति भी होंगे शामिल – मुख्य सचिव

कोविड वेक्सीनेशन का तीसरा चरण एक मार्च से – 60 वर्ष से अधिक आयु वाले और 45 से अधिक आयु के गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्ति भी होंगे शामिल – मुख्य सचिव

जयपुर-डूंगरपुर
27 फरवरी 2021

मुख्य सचिव श्री निरंजन आर्य ने कहा कि कोविड वेक्सीनेशन के तीसरे चरण में 60 साल और अधिक आयु के बुजुर्गों के साथ-साथ 45 से 59 वर्ष के गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को भी शामिल किया गया है।

अब सरकारी अस्पताल के साथ-साथ निजी अस्पतालों को भी टीके लगाने के लिए अधिकृत किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे वेक्सीनेशन सेंटर्स पर सभी व्यवस्थाओं की सुचारू मॉनिटरिंग करें और साथ ही जिन लोगों को प्रथम डोज लग गई है,

उन्हें दूसरी डोज नियत समय पर लगना सुनिश्चित करें।

मुख्य सचिव शनिवार को यहां शासन सचिवालय में कोविड वेक्सीनेशन के एक मार्च से शुरू होने वाले तीसरे फेज की तैयारियों से संबंधित बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) के माध्यम से जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जल्द से जल्द प्राइवेट अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन का कार्य करें तथा प्रशिक्षण का काम भी समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

उन्होंने बताया कि पिछले दो फेज में हैल्थ केयर वर्कर्स तथा फ्रंट लाइन वर्कर्स के वेक्सीनेशन पर फोकस किया गया था,

जिसके तहत अब तक लगभग 8 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया है।

उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में जहां 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को टीका लगाया जाएगा वहीं 45 साल से 59 वर्ष तक के गंभीर बीमारी ग्रस्त व्यक्तियों को भी शामिल किया जा रहा है।

ऎसी 20 बीमारियों को चिह्वित भी किया गया है।

उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2022 को निर्धारित आयु पूर्ण करने वाले व्यक्ति तीसरे चरण के टीकाकरण के लिए पात्र होंगे।

मुख्य सचिव ने बताया कि अब तक सभी टीके सरकार की ओर से निःशुल्क लगाए गए हैं।

तीसरे चरण में प्राइवेट अस्पतालों को भी टीके लगाने के लिए अधिकृत किया जाएगा, जहां सशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध होगी।

सरकारी चिकित्सालयों में पहले की तरह ही निःशुल्क टीके लगाए जाएंगे।

श्री आर्य ने बताया कि पहले दो चरणों में विभाग द्वारा हेल्थ केयर वर्कर्स तथा फ्रंट लाइन वर्कर्स की लिस्ट लेकर पोर्टल पर डालना और उन्हें सूचित करने का काम किया गया था।

अब तीसरे चरण में वेक्सीनेशन करवाने के लिए व्यक्ति को स्वयं पोर्टल “कोविन 2” पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

आवेदनकर्ता वेक्सीनेशन का स्थान व समय भी उपलब्ध सूची के अनुसार स्वयं कर सकेगा।

उन्होंने कहा कि एक मार्च से यह सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन व्यक्तियों को पहली डोज लग चुकी है उन्हें दूसरी डोज सरकारी चिकित्सालय में निःशुल्क ही लगाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि जो प्राइवेट अस्पताल आयुष्मान भारत तथा सीजीएचएस से जुड़े हैं तथा निर्धारित मापदण्ड पूरा करेंगे उन्हें ही टीकाकरण के लिए अधिकृत किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने बताया कि कोविड-19 टीकाकरण के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बनाये गये कोविन सॉफ्टवेयर में प्रत्येक लाभार्थी का रजिस्ट्रेशन आवश्यक है।

नवीन गाइड लाइन के अनुसार रजिस्ट्रेशन के लिए टीकाकरण साइट पर लाभार्थी का रजिस्ट्रेशन उपलब्ध होगा

जिसके लिए लाभार्थी को फोटो युक्त परिचय पत्र एवं आधार कार्ड लाना आवश्यक है।

रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया के तहत लाभार्थी स्वयं के स्तर पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि कलेक्टर जिले में सरकार का चेहरा होता है।

इसलिए आप राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को समयबद्ध कार्यक्रम बना कर क्रियान्वित करें।

मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसे पूरा करें।

इस अवसर पर चिकित्सा विभाग के शासन सचिव श्री सिद्धार्थ महाजन ने कोविड वेक्सीनेशन के बार में विस्तार से जानकारी देते हुए इसके क्रियान्वयन के निर्देश दिये।

वीसी में गृह विभाग प्रमुख शासन सचिव श्री अभय कुमार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़, चिकित्सा शिक्षा विभाग के शासन सचिव श्री वैभव गालरिया, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की आयुक्त श्रीमती मंजू राजपाल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव श्री नवीन जैन, महिला एवं बाल विकास विभाग के शासन सचिव डॉ. केके पाठक, मिशन निदेशक एनएचएम श्री नरेश कुमार ठकराल, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त श्री महेन्द्र सोनी, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य एवं नियंत्रक, समस्त जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वाथ्य अधिकारी, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सीडीपीओ, राज्य कार्यक्रम अधिकारी यूएनडीपी, सीनियर प्रोफेसर एवं एसएमएस अस्पताल के विभागाध्यक्ष (शिशु रोग) मौजूद थे।

वीसी के पश्चात जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला ने डूंगरपुर में वैक्सीनेशन के तीसरे चरण के दौरान भी पूर्व की भांति व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्राम सेवक, एएनएम, कृषि पर्यवेक्षक, पटवारी, बीएलओ, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकताओं को जागरूक करने तथा कोविड वैक्सीनेशन हेतु प्रेरित करने के निर्देश प्रदान किये।

डूंगरपुर राजीव गांधी सेवा केन्द्र में वीडियों कॉन्फेंस के दौरान जिला कलक्टर सुरेश ओला, जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, सीईओ अंजलि राजोरिया, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य श्रीकांत असावा, सीएमचओ डॉ राजेश सहित अधिकारी मौजूद रहें।

सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय डूंगरपुर

रिपोर्ट

राजस्थान ब्यूरो जगदीश तेली


Discover more from Khabar 24 Express Indias Leading News Network, Khabar 24 Express Live TV shows, Latest News, Breaking News in Hindi, Daily News, News Headlines

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Check Also

OLX पर कार बेचने निकला मालिक, टेस्ट ड्राइव के बहाने शातिर कार लेकर हुआ फरार, CCTV में कैद हुआ खेल

OLX पर कार बेचने निकला मालिक, टेस्ट ड्राइव के बहाने शातिर कार लेकर हुआ फरार, CCTV में कैद हुआ खेल

Leave a Reply

Discover more from Khabar 24 Express Indias Leading News Network, Khabar 24 Express Live TV shows, Latest News, Breaking News in Hindi, Daily News, News Headlines

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading