LPG Gas Cylinder Shortage Live | Bureau Report Zishan Alam | Khabar 24 Express

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब सीधे भारत की रसोई और बाजार तक पहुंचने लगा है। देश के कई बड़े शहरों में एलपीजी गैस की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई समेत कई शहरों में होटल और रेस्तरां को मिलने वाले कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई अचानक रुक गई है, जिससे हजारों भोजनालयों पर बंद होने का खतरा मंडराने लगा है।
महाराष्ट्र में भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। एलपीजी डीलरों के मुताबिक कुकिंग गैस की उपलब्धता प्रभावित होने लगी है और जिन उपभोक्ताओं ने सिलेंडर रिफिल बुक किए हैं, उन्हें अब 2 से 8 दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
बता दें कि सरकार ने अभी 3 दिन पहले LPG के दाम बढ़ाएं हैं। दाम घरेलू और कॉमर्शियल दोनों पर बढ़े हैं। वहीं सरकार ने 25 दिन बाद का आदेश भी जारी किया है।
डीलरों ने यह भी चेतावनी दी है कि गैस की कमी के कारण कई होटल और भोजनालय मजबूरी में ब्लैक मार्केट से घरेलू सिलेंडर खरीदने की कोशिश कर सकते हैं। यह न केवल गैरकानूनी है बल्कि बेहद खतरनाक भी साबित हो सकता है।
स्थिति को संभालने के लिए केंद्र सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू करते हुए एलपीजी की उपलब्धता और वितरण को नियंत्रित करने का फैसला किया है। सरकार ने रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल यूनिट्स को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने का फैसला किया गया है, जिसके कारण होटल, रेस्तरां और कई व्यावसायिक क्षेत्रों को मिलने वाली गैस सप्लाई प्रभावित हो गई है।
लेकिन इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि अगर पश्चिम एशिया में तनाव कई दिनों से बढ़ रहा था, तो केंद्र सरकार ने पहले से कोई ठोस रणनीति क्यों नहीं बनाई। गैस जैसी जरूरी चीज के मामले में देश को इस तरह की पैनिक स्थिति तक पहुंचने देना क्या सरकार की तैयारी की कमी को नहीं दिखाता?
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर्स एसोसिएशन ने भी चेतावनी दी है कि गैस सप्लाई बाधित होने से मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है। संगठन का कहना है कि पेट्रोलियम कंपनियों ने दूरसंचार टावरों के लिए एलपीजी की सप्लाई भी रोक दी है, जिससे डिजिटल सेवाओं की निरंतरता प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है।
फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष प्रदीप शेट्टी के मुताबिक अगर स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो मुंबई समेत कई शहरों में अगले दो दिनों के भीतर होटल और रेस्तरां बंद होने की नौबत आ सकती है। पुणे, औरंगाबाद, नागपुर, दिल्ली, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से भी इसी तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं।
दिल्ली में भी हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। सेंट्रल दिल्ली की एक गैस एजेंसी ने बताया कि सामान्य दिनों में वह रोज करीब 300 कमर्शियल सिलेंडर बेचती थी, लेकिन पिछले दो दिनों से उसे एक भी सिलेंडर नहीं मिला है।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7