Breaking News
BigRoz Big Roz
Home / Breaking News / पकौड़ी के बहाने पति को बस से बाहर भेजा, पत्नी प्रेमी संग हो गई फरार, अमरोहा की घटना

पकौड़ी के बहाने पति को बस से बाहर भेजा, पत्नी प्रेमी संग हो गई फरार, अमरोहा की घटना

Crime News Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक विवाहिता ने बस स्टैंड पर पति को पकौड़ी लेने भेजा और खुद प्रेमी के साथ फरार हो गई। शादी को महज चार महीने ही हुए थे।


Crime News Amroha | Bureau Report: Zishan Alam | Khabar 24 Express

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से रिश्तों को हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने बस स्टैंड पर अपने पति को पकौड़ी लेने के लिए भेज दिया और इसी दौरान मौका पाकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।

जब पति पकौड़ी लेकर बस में लौटा तो पत्नी सीट से गायब थी। इस घटना के बाद युवक के होश उड़ गए और बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी करीब चार महीने पहले रामपुर जिले के सैफनी थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई थी। होली का त्योहार मनाने के लिए विवाहिता करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके गई हुई थी।

सोमवार सुबह युवक अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए सैफनी पहुंचा। दोनों पहले बस से सैफनी से बिलारी पहुंचे। इसके बाद बिलारी बस स्टैंड से मुरादाबाद जाने वाली रोडवेज बस में सवार हो गए।

इसी दौरान बस स्टैंड पर खड़ी बस में बैठी महिला ने अपने पति से कहा कि वह पास की कैंटीन से पकौड़ी और पानी की बोतल लेकर आए। महिला ने खास तौर पर कहा कि पकौड़ी गर्म और अच्छी तरह तलकर लाना।

पति जैसे ही पकौड़ी लेने के लिए बस से नीचे उतरा, कुछ ही मिनटों में पूरा घटनाक्रम बदल गया। जब युवक पकौड़ी लेकर वापस बस में आया तो उसकी पत्नी सीट पर नहीं थी।

पहले तो युवक को लगा कि शायद पत्नी आसपास ही कहीं होगी, लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। युवक ने बस में बैठे अन्य यात्रियों से पूछताछ की तो पता चला कि महिला किसी से मोबाइल पर बात करते हुए बस से नीचे उतर गई थी।

इसके बाद युवक ने पत्नी के मोबाइल फोन पर कॉल किया, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ मिला। इससे युवक की चिंता और बढ़ गई। उसने बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में काफी देर तक पत्नी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी होने लगी कि विवाहिता का शादी से पहले ही अपने गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि महिला पहले से बनाई गई योजना के तहत पति को पकौड़ी लेने भेजकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।

इस पूरे मामले की जानकारी युवक ने अपने परिवार और ससुराल पक्ष को भी दी है। हालांकि अब तक इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

बिलारी थाना पुलिस का कहना है कि उनके पास अभी तक इस घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे विश्वास और रिश्तों में धोखे की एक चौंकाने वाली कहानी के रूप में देख रहे हैं।

Bureau Report: Zishan Alam | Amroha | Khabar 24 Express


Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Check Also

बुलंदशहर में मुकेश हत्याकांड के दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती

बुलंदशहर में मुकेश हत्याकांड के दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती

Leave a Reply

Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading