Maharashtra Crime News | Exclusive Manish Kumar Ankur | Khabar 24 Express

महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर चल रहे दावों की सच्चाई को कटघरे में खड़ा कर दिया है। चंद्रशेखर बावनकुले के नाम पर 1147 एकड़ जमीन का जो आरोप पिछले दिनों तेजी से वायरल किया गया, अब वही मामला उल्टा पड़ता नजर आ रहा है।
दरअसल, इस पूरे मामले को लेकर नागपुर के कोराडी थाने में FIR दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता निखिल रामचंद्र इंगोले हैं, जिन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के जरिए एक सुनियोजित तरीके से बावनकुले और उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश की गई।
FIR में जिस नाम का जिक्र है, वह है कथित पत्रकार रामेश्वर शिवाजी दरेकर जोकि संभाजीनगर का निवासी है। आरोप है कि दरेकर ने फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो और पोस्ट के जरिए यह दावा फैलाया कि बावनकुले और उनके परिवार के पास 1147 एकड़ जमीन है।




शिकायत के मुताबिक, यह वीडियो करीब 22 मिनट का था, जिसमें अलग-अलग गांवों का हवाला देकर जमीन के आंकड़े पेश किए गए। लेकिन इन दावों के पीछे कोई ठोस और प्रमाणित दस्तावेज नहीं था। उल्टा, इस तरह से बात पेश की गई जिससे आम लोगों के बीच गलत धारणा बने।
सबसे गंभीर बात यह बताई गई है कि इस वीडियो में सिर्फ राजनीतिक आरोप नहीं लगाए गए, बल्कि बावनकुले के परिवार—उनकी पत्नी और बेटी—का नाम लेकर भी उन्हें निशाना बनाया गया। इसे सीधे तौर पर उनकी छवि खराब करने की कोशिश माना गया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 78(1)(ii) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इसका मतलब साफ है कि अब यह सिर्फ सोशल मीडिया का विवाद नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई का विषय बन चुका है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि सोशल मीडिया पर बिना जांचे-परखे बड़े आरोप फैलाना कितना भारी पड़ सकता है। खासकर जब किसी सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति का नाम हो, तो जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

फिलहाल स्थिति यह है कि जिस आरोप को सच की तरह पेश किया जा रहा था, वही अब जांच के घेरे में है। और रामेश्वर शिवाजी दरेकर का नाम FIR में आने के बाद यह साफ हो गया है कि मामला गंभीर है और आगे कार्रवाई भी तय मानी जा रही है।
इस खबर पर हम नजर बनाए हुए हैं जो भी अपडेट आएगा हम आप तक जरूर पहुंचाएंगे।
(Manish Kumar Ankur: Khabar 24 Express | Ground Report | Nagpur)
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7