
Jagdish Teli Exclusive Report Jaipur: राजस्थान में मंगलवार देर रात जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मोजमाबाद तहसील के दूदू गांव के पास एक केमिकल टैंकर ने एलपीजी सिलेंडरों से भरे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद लगी आग ने देखते ही देखते भयानक रूप ले लिया और करीब 200 सिलेंडर एक के बाद एक धमाकों के साथ फट पड़े। धमाकों की आवाज 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और सिलेंडर 500 मीटर दूर खेतों तक जा गिरे।
सिलेंडर धमाकों से मचा हड़कंप, एक की मौत, हाईवे पर अफरातफरी
घटना रात करीब 10 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, केमिकल टैंकर चालक आरटीओ वाहन को देखकर घबरा गया और ढाबे की ओर मोड़ काटते हुए सामने खड़े गैस सिलेंडर लदे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद टैंकर के केबिन में आग लग गई, जो तेजी से ट्रक तक फैल गई। आग जैसे ही सिलेंडरों तक पहुंची, एक के बाद एक सिलेंडर विस्फोट होने लगे। हादसे में टैंकर चालक जिंदा जल गया और पांच अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए।
दमकल की 12 गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद दोनों ओर से ट्रैफिक रोकना पड़ा और हाईवे को बुधवार सुबह 4:30 बजे दोबारा खोला गया।

धमाके इतने जोरदार कि सिलेंडर खेतों में जा गिरे
330 सिलेंडर से लदे ट्रक में दो-तिहाई से ज्यादा सिलेंडर फट गए। धमाकों की ताकत इतनी जबरदस्त थी कि कुछ सिलेंडर आधे किलोमीटर दूर खेतों में जा गिरे। ट्रक ड्राइवर शाहरुख ने बताया कि उसका ट्रक चंद मिनटों में जलकर खाक हो गया।
2 घंटे तक नहीं पहुंची दमकल, स्थानीय लोग भड़के
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हादसे के करीब दो घंटे तक न तो कोई दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और न ही राहत दल दिखाई दिया। टैंकर ड्राइवर ने जान बचाने की कोशिश की, लेकिन आग ने उसे मौके पर ही निगल लिया। हादसे के बाद से तीन लोग अब भी लापता हैं।
ट्रैफिक डायवर्जन से यात्रियों को तय करना पड़ा लंबा रास्ता
हादसे के बाद सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। अजमेर से जयपुर आने वाले वाहनों को किशनगढ़-रूपनगढ़ मार्ग से भेजा गया, जिससे यात्रियों को करीब 15 किलोमीटर ज्यादा सफर तय करना पड़ा। वहीं जयपुर से अजमेर की ओर जाने वाले वाहनों को 200 फीट बायपास से टोंक रोड की ओर मोड़ा गया।
एसएमएस अस्पताल अलर्ट मोड पर, आईसीयू बेड रिजर्व
हादसे की सूचना मिलते ही जयपुर के एसएमएस अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया। अधीक्षक मृणाल जोशी ने बताया कि आपात स्थिति को देखते हुए सभी मेडिकल टीमें, प्लास्टिक सर्जन और आईसीयू बेड तैयार रखे गए हैं ताकि किसी भी घायल को तुरंत इलाज मिल सके।
उपमुख्यमंत्री रात में ही पहुंचे, राहत कार्य जारी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा रात में ही मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी से मौके पर तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आग पर काबू पा लिया गया है और घायलों का इलाज जारी है।
सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कमिश्नर बीजू जॉर्ज को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में आग लगने की दुर्घटना अत्यंत दुखद है। प्रभावितों को हरसंभव सहायता और घायलों को उचित इलाज दिया जाएगा।”
फिर दोहराई गई वही भयावह त्रासदी
गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में भी इसी हाईवे पर एलपीजी टैंकर के धमाके में 19 लोगों की मौत हो गई थी। एक बार फिर वैसी ही लापरवाही और भयावहता देखने को मिली है, जिसने प्रशासन की सुरक्षा तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट: जगदीश तेली, जयपुर
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7