
नागपुर | 4 जुलाई 2025 : धनंजयराव गाडगीळ सहकारी प्रबंध संस्थान, नागपुर द्वारा ‘अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025’ और भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य वॉकथॉन का आयोजन किया गया। यह आयोजन ‘सहकारी डिंडी’ के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य समाज में सहकारिता की भावना का प्रचार-प्रसार और जागरूकता फैलाना था।

भारतवर्ष में सहकारिता केवल एक आर्थिक प्रणाली नहीं, बल्कि एक सामाजिक मूल्य रही है, जो सदियों से जनजीवन का अभिन्न अंग रही है। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा घोषित वर्ष 2025 को ‘अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में देशभर में विविध सहकारी संस्थानों को सहकारिता के सिद्धांतों और मूल्यों के प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की प्रेरणा दी जा रही है।

धनंजयराव गाडगीळ सहकारी प्रबंध संस्थान, जो वर्ष 1972 से महाराष्ट्र राज्य की सहकारी संस्थाओं के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और प्लेसमेंट जैसे कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, ने इस अवसर पर अपने परिसर में वॉकथॉन का आयोजन किया। इस आयोजन में संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षु, एमबीए के छात्र-छात्राएं, विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस वॉकथॉन की शुरुआत संस्थान के नवीन नंदनवन परिसर से हुई और यह गुरुदेव नगर, सिटीस्टार, पानी टंकी से होते हुए संस्थान में समाप्त हुई। पूरे मार्ग में सहकारिता से जुड़े बैनर, नारे और घोषणाएं लगाई गईं, जिससे स्थानीय जनता में सहकारिता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुँचा।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में संस्थान के निदेशक डॉ. सीमा मिश्रा ने सहभागियों को संबोधित करते हुए सहकारिता के महत्व और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। वहीं, डॉ. रूपकुमार पगरवार ने ‘सहकारिता प्रश्नमंजूषा’ के माध्यम से सहभागियों को सहकारिता के इतिहास, सिद्धांत और वर्तमान प्रासंगिकता की जानकारी दी।
इस अवसर पर ‘अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025’ का लोगो प्रिंट किए गए टी-शर्ट और संस्थान के प्रतीक चिह्न वाली टोपियाँ सभी सहभागियों को वितरित की गईं। आयोजन के अंत में वृक्षारोपण और अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
संस्थान द्वारा आयोजित यह वॉकथॉन न सिर्फ एक जनजागरूकता कार्यक्रम था, बल्कि सहकारिता की परंपरा को मजबूत करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास भी था। इस आयोजन की सराहना न केवल सहभागियों ने की, बल्कि सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार और एनसीसीटी, नई दिल्ली द्वारा भी इसे सफल आयोजन के रूप में सराहा गया।
.
.
ब्यूरो रिपोर्ट : खबर 24 एक्सप्रेस
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7