दूसरा हादसा आज बिहार के वैशाली जिले में हुआ जो एक बड़ा रेल हादसा है। बिहार से दिल्ली आ रही सीमांचल एक्सप्रेस के 9 डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना में लगभग 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 30 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे का कारण रेल की पटरी में आयी दरार को बताया जा रहा है। वैसे हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बिहार से दिल्ली आ रही सीमांचल एक्सप्रेस के यात्रियों ने सोचा भी नहीं होगा कि रविवार का दिन उनके लिए इतनी बड़ी मुसीबत लेकर आएगा। जोरदार धमाकों और झटकों ने नींद में सो रहे यात्रियों को झकझोर कर जगा दिया।
रेलवे से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12487 जोगबनी से आनंद विहार आ रही थी। सुबह के 3.52 मिनट पर ट्रेन ने मेहनार रोड को पार किया। इसके बाद वह 3.58 बजे सहदेई स्टेशन के पास पहुंची। जहां उसके नौ डिब्बे पटरी से उतर गए।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए अनुग्रह और सहायता राशि की घोषणा की है।
गोयल के कार्यालय ने ट्वीट किया है कि दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजन को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं गंभीर रूप से घायलों में से प्रत्येक को एक-एक लाख रुपये, जबकि मामूली रूप से जख्मी लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। सभी घायलों के इलाज का खर्च रेलवे वहन करेगा।
सूत्रों के अनुसार सोनपुर और बरौनी से डॉक्टरों की एक टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव का कार्य जारी है। रेलवे और राज्य प्रशासन के अलावा एनडीआरएफ की टीम भी राहत एवं बचाव के कार्य में जुटी हुई है। राहत ट्रेन को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
ट्रेन के अप्रभावित 12 कोच को हाजीपुर के लिए रवाना कर दिया गया है जहां इसमें अतिरिक्त कोचों को जोड़ा जाएगा और ट्रेन को आनंद विहार टर्मिनल के लिए रवाना किया जाएगा। रेलवे द्वारा यात्रियों के लिए हाजीपुर और पटना में खाने, पानी आदि का इंतजाम किया गया है।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7
