
भारतीय बल्लेबाजों ने गाले में खेले गए पहले टेस्ट मैच के अपने प्रदर्शन को यहां खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में भी कायम रखा और पहले दिन मेजबान गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए। बल्लेबाजों की बदौलत भारत ने गुरुवार का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 344 रन बना लिए। स्टम्प्स तक चेतेश्वर पुजारा (128) और उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे (103) विकेट पर टिके हुए हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 211 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। पहले सत्र में मेहमान टीम ने शिखर धवन (35) का विकेट खोकर 101 रन बनाए। दूसरे सत्र में जरूर भारत ने दो विकेट खोए। वापसी कर रहे लोकेश राहुल (57) अपना लगातार छठा अर्धशतक बनाकर पैवेलियन लौटे। कोहली (13) ज्यादा देर टिक नहीं सके। दूसरे सत्र की समाप्ति तक भारत ने तीन विकेट खोकर 238 रन बना लिए थे।
तीसरे सत्र में पुजारा और रहाणे ने टीम का एक भी विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बुखार से लौटे राहुल के लिए अभिनव मुकुंद को जगह खाली करनी पड़ी। धवन और राहुल की जोड़ी ने टीम को अच्छी शुरुआत दी। पहले मैच की पहली पारी में 190 रनों की शानदार पारी खेलने वाले धवन को दिलरुवान परेरा ने 56 के कुल स्कोर पर आउट किया। धवन पगबाधा आउट करार दिए गए।
पुजारा ने विकेट पर कदम रखा और राहुल के साथ स्कोर बोर्ड बढ़ाने लगे। भोजनकाल तक भारत का कोई और विकेट नहीं गिरा था। दूसरे सत्र की शुरुआत में ही श्रीलंका को बड़ा विकेट मिला। राहुल रन लेने की जल्दबाजी में रन आउट होकर पैवेलियन लौट लिए। वे 109 रनों के कुल स्कोर पर आउट हुए।
भारत का तीसरा विकेट गिरने में ज्यादा देर नहीं लगी और कप्तान कोहली सिर्फ 13 रन बनाकर रंगना हेराथ का शिकार हुए। कोहली का विकेट 133 के कुल स्कोर पर गिरा। इसके बाद पुजारा और रहाणे ने चायकाल तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया और टीम का स्कोर 238 तक पहुंचा दिया। तीसरे सत्र में यह दोनों बल्लेबाज तेज खेले और अपने-अपने शतक पूरे किए।
अपना 50वां टेस्ट मैच खेल रहे पुजारा ने अभी तक अपनी पारी में 225 गेंदों का सामना किया है और 10 चौके तथा एक छक्का लगाया है। वहीं रहाणे ने 168 गेंदें खेलीं हैं और 12 चौके जड़े हैं। श्रीलंका की तरफ से हेराथ और परेरा ने एक-एक विकेट लिया। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7