
भारतीय सेना द्वारा पाक के सीजफायर उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब दिए जाने के बाद से नियंत्रण रेखा पर हालात पहले से ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं। भारतीय सेना द्वारा कुछ ही मिनटों में पाक सेना की पोस्टों को पूरी तरह से ध्वस्त करने का वीडियो मंगलवार को जारी होने के बाद नियंत्रण रेखा पर हालात जंग जैसे बने हुए हैं।
वहीँ दूसरी ओर पाकिस्तान की तरफ से बयान जारी कर हमलों को झूंठा करार दिया।
पाकिस्तान ने भारतीय सेना के हमले के दावे को झूठा बताया है। पाक सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने ट्वीट किया, भारत ‘एलओसी पर नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तानी पोस्ट की तबाही का दावा कर रहा है और साथ ही पाकिस्तान की ओर से स्थानीय लोगों पर हमले का दावा कर रहा है, जो सरासर झूठ है।’ उनके इस बयान को तवज्जो इसलिए नहीं दी जा रही क्योंकि उन्होंने 13 मई को एक ट्वीट कर कहा था कि एलओसी पर भारत की ओर से हलचल बढ़ गई है। इसके लिए पाकिस्तान ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायुक्त को तलब भी किया था।
गौरतलब है कि भारतीय सेना ने बीते 10 मई को नियंत्रण रेखा पर कार्रवाई करते हुए नौसेरा सेक्टर में पाकिस्तान की महत्वपूर्ण चौकियों को तबाह किया। बताया जा रहा है कि इस पोस्ट का सहारा लेकर ही पाक आतंकी भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। सेना की ओर से उस कार्रवाई का मंगलवार को वीडियो भी जारी किया गया।
पाक सेना द्वारा अब बदला लेने की आशंका के चलते भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा पर हाई अलर्ट कर दिया है। आलम यह है कि जिले के नियंत्रण रेखा से जुडे़ सभी सरकारी स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
नौशेरा सेक्टर के कई गांवों से पहले से ही सैकड़ों परिवारों को वहां से हटा कर राहत शिविरों में रखा गया है। अब जिले की मंजाकोट तहसील के नियंत्रण रेखा से जुडे़ गांवों व ढुंगी ब्लाक के उन गांवों को अलर्ट पर रखा गया है, जहां पर पाक सेना बदला लेने की कोशिश कर सकती है। फिलहाल अभी तक मंजाकोट व डुंगी में लोगों को शिफ्ट नहीं किया गया है, लेकिन तैयारियां पूरी हैं।
वहीं इस संबंध में सेना के अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि भारतीय सेना द्वारा पाक सेना की पोस्टों को ध्वस्त करने के बाद अब एलओसी पर सेना पहले से भी कहीं अधिक अलर्ट पर है। अधिकारी के अनुसार नियंत्रण रेखा पर जंग जैसे हालात बने हुए हैं।
पाक सेना बदले की कार्रवाई कर सकती है। लिहाजा हमारी सेना मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। एलओसी पर पहले से ही आधुनिक हथियार और तोपें तैयार रखी गई हैं। अब केवल पाक सेना की ओर से शुरुआत करने का इंतजार किया जा रहा है।
कहां-कहां है अधिक खतरा
शाम के बाद लोगों को घरों से नहीं निकलने दिया जाता
सेना के अधिकारी के अनुसार आम लोगों की सुरक्षा सेना की पहली प्राथमिकता है। लोगों को शिफ्ट करने का काम सिविल प्रशासन का है, लेकिन सेना ने लोगों को एहतियात के तौर पर पहले से अधिक अलर्ट कर दिया है। शाम के बाद अपने घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। स्कूलों में तो वैसे भी छुट्टियां हैं और काम पर जाने वाले लोगों को भी जल्द लौटने की सलाह दी गई है।
सैन्य सूत्रों के अनुसार पाक सेना की ओर से भारी गोलाबारी करने की आशंका नौशेरा के कलसियां, पुखरनी, लाम, झंगड़, कलाल, शेर मकड़ी, केरी, मंजाकोट के नैक्का, पंजग्राई, गंभीर, प्रयाली, कुंडी नक्कड़, राजधानी और ढुंगी के नंबलां, चिट्टी बकरी, रेती मिट्टी, सूलीतड़ा, रथाली, बसाली आदि ऐसे गांव हैं, जहां अब हालात सामान्य नहीं हैं। दहशत का माहौल बना हुआ है।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7