
देश के लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं… मां-बाप अपनी जमा पूंजी बच्चों की पढ़ाई पर लगा देते हैं… लेकिन हर साल कोई न कोई परीक्षा पेपर लीक की भेंट चढ़ जाती है। अब NEET UG 2026 परीक्षा भी रद्द कर दी गई है।
आज की इस रिपोर्ट में हम बताएंगे कि आखिर NTA ने क्या फैसला लिया है और क्यों देशभर के छात्र गुस्से में हैं।
आरोप है कि कुछ जालसाजों ने “गेस पेपर” के नाम पर परीक्षा से पहले ही सवाल बेच दिए थे। करीब 150 पेज के उस गेस पेपर में 410 सवाल थे, जिनमें से 120 से 150 सवाल हूबहू परीक्षा में पूछे गए। जैसे ही मामला सामने आया, देशभर में हड़कंप मच गया। छात्रों और अभिभावकों ने जांच की मांग शुरू कर दी।
सोचिए… एक छात्र सालों तक तैयारी करता है। कई छात्र गांवों से शहरों में आकर कोचिंग करते हैं। माता-पिता कर्ज तक ले लेते हैं। लेकिन परीक्षा के दिन अगर किसी माफिया के पास पहले से पेपर पहुंच जाए तो मेहनती छात्रों का क्या कसूर?
हर बार जांच, हर बार बयान, हर बार सख्त कार्रवाई का दावा… लेकिन नतीजा वही। कभी भर्ती परीक्षा लीक, कभी सरकारी नौकरी का पेपर आउट, और अब मेडिकल प्रवेश परीक्षा भी विवादों में। इससे छात्रों का सिस्टम पर भरोसा लगातार टूटता जा रहा है।
हालांकि NTA ने छात्रों को कुछ राहत जरूर दी है। एजेंसी ने साफ कहा है कि दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। मई 2026 में जिन छात्रों ने रजिस्ट्रेशन किया था, वही आवेदन नई परीक्षा में भी मान्य रहेगा।
छात्रों को फिर से फीस जमा नहीं करनी पड़ेगी और पहले जमा की गई फीस नियमों के अनुसार वापस भी की जाएगी।
NTA ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर जानकारी देते हुए कहा कि उम्मीदवारों का डेटा और चुने गए परीक्षा केंद्र नई परीक्षा के लिए सुरक्षित रहेंगे। यानी छात्रों को दोबारा फॉर्म भरने की परेशानी नहीं होगी।
लेकिन इन सबके बीच सबसे बड़ा नुकसान छात्रों के मानसिक तनाव का हुआ है। लाखों छात्र अब फिर से परीक्षा की तैयारी में जुटेंगे। जिन बच्चों ने परीक्षा देकर राहत की सांस ली थी, उन्हें अब दोबारा उसी दबाव से गुजरना पड़ेगा।
क्योंकि अगर देश के सबसे मेहनती छात्रों का भविष्य भी सुरक्षित नहीं है, तो फिर सवाल सिर्फ एक परीक्षा का नहीं, पूरे सिस्टम की विश्वसनीयता का है।
फिलहाल NEET UG 2026 परीक्षा रद्द हो चुकी है और दोबारा परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। लेकिन देश के करोड़ों छात्रों के मन में अब भी वही सवाल है… आखिर मेहनत करने वाले छात्र कब तक सिस्टम की गलतियों की सजा भुगतते रहेंगे?
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7