
जीशान आलम | रायबरेली : जिले से शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाली बड़ी खबर सामने आई है। शिवगढ़ ब्लॉक के ओसहा गांव में स्थित RPT पब्लिक स्कूल बिना किसी सरकारी मान्यता के पिछले कई वर्षों से खुला तौर पर संचालित हो रहा है। यहां सैकड़ों मासूम बच्चे पढ़ रहे हैं, लेकिन स्कूल के पास न तो कोई वैध दस्तावेज हैं और न ही शिक्षा विभाग की अनुमति।
जानकारी के अनुसार, रायबरेली जिले में हजारों अवैध स्कूल इस तरह से संचालित हो रहे हैं, जो शिक्षा के नाम पर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। कुछ साल पहले ही बेसिक शिक्षा विभाग ने जहानाबाद क्षेत्र में जयपुरिया स्कूल को बिना मान्यता के चलते सीज किया था। लेकिन विभाग की कार्रवाई वहीं थम गई और अब वही तस्वीर एक बार फिर शिवगढ़ में देखने को मिल रही है।
Khabar 24 Express से जीशान आलम अपनी टीम के साथ जब मौके पर पहुंचे और ग्राउंड जीरो से सच्चाई जानी, तो यह सामने आया कि RPT पब्लिक स्कूल के पास किसी भी प्रकार का मान्यता पत्र नहीं है। स्कूल की इमारत जर्जर हालत में है और सुरक्षा मानकों का भी पूरी तरह उल्लंघन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान कुछ लोगों ने दावा किया कि स्कूल “बेसिक शिक्षा विभाग की जानकारी में ही संचालित हो रहा है।” ऐसे में सवाल उठता है कि जब स्कूल को मान्यता ही नहीं मिली, तो स्कूल चलाने की अनुमति आखिर किसने दी?
स्कूल गाड़ियों में भी खतरा, परिवहन विभाग पर उठे सवाल
चौंकाने वाली बात यह भी है कि बिना परमिट के स्कूल संचालक स्कूली गाड़ियां भी चला रहा है, जिनकी हालत बेहद खराब है। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि परिवहन विभाग को भी इस पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।
प्रशासन और शिक्षा विभाग पर उठ रहे सवाल
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिना मान्यता के चल रहे इस स्कूल के खिलाफ जिला प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग क्या कार्रवाई करेगा? क्या जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे रहेंगे, या फिर मासूम बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे?
Khabar 24 Express इस मुद्दे पर लगातार नजर बनाए हुए है। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला जिले के सबसे बड़े शिक्षा घोटाले में बदल सकता है।
ब्यूरो रिपोर्ट : जीशान आलम, रायबरेली
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7