खबर24 एक्सप्रेस पर सुबह की 10 बड़ी ख़बरें पढ़ें:
1. 2जी महाघोटाला : ए.राजा और कनिमोझी के साथ सभी आरोपियों को कोर्ट ने किया बरी
2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में कोर्ट ने मुख्य आरोपी पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा और DMK सांसद कनिमोझी को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने इस मामले से जुड़े सभी आरोपियों को बरी कर दिया। इस घोटाले से जुड़े तीनों केस में कोर्ट ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया। कोर्ट ने कहा कि इस मामले को साबित करने के लिए पर्याप्त सूबूत नहीं हैं।
2. वेंकैया नायडू का बड़ा बयान, अभिव्यक्ति की आजादी के सम्मान की कही बात
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने बुधवार को कहा कि देश के लोग अपनी अभिव्यक्ति की आजादी से प्यार करते हैं, इसलिए जनप्रतिनिधियों को उनके इस अधिकार का हर हाल में सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को अभिव्यक्ति की आजादी का सम्मान करना चाहिए।
वेंकैया ने रामनाथ गोयनका एक्सेलेंस इन जर्नलिज्म अवार्ड प्रदान करने के बाद यहां कहा, ‘‘लोग बेहतर जीवन की चाह रखते हैं और उनकी आशा और अपेक्षाएं ऊंची हैं। विपक्ष की अपनी अहमियत है और सरकार की अपनी।’’
3. नोएडा आएंगे मुख्यमंत्री, सभी मिथ्यों को तोड़ मुख्यमंत्री मेट्रो के उद्घाटन में हिस्सा लेने नोएडा आएंगे
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा आएंगे। 29 साल बाद कोई मुख्यमंत्री नोएडा आएंगे। इससे पहले मायावती नोएडा आयीं थीं लेकिन इसके बाद कोई भी मुख्यमंत्री नोएडा नहीं आया। इसके पीछे कई तर्क दिए जाते हैं।
सभी तर्कों को मिथ्या बताते हुए योगी नोएडा आ रहे हैं।
4. 31 दिसंबर को मन की बात करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 2017 के आखिरी संस्करण के लिए गुरुवार को लोगों से विचारों को साझा करने का आग्रह किया है। ‘मन की बात’ के 2017 के आखिरी संस्करण का प्रसारण 31 दिसंबर को होगा। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘साल के आखिरी दिन 2017 के मन की बात का आखिरी संस्करण प्रसारित होगा। 31 दिसंबर को होने जा रहे इस कार्यक्रम के लिए आपके विचार जानना चाहता हूं।’’
5. बिहार के गोपालगंज में चीनी मिल में विस्फोट, 5 मजदूरों की मौत, कई फंसे
बिहार के गोपालगंज के सासमुसा चीनी मिल में बॉयलर फटने से बडा हादसा हो गया है। इस हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई जबकि 9 से अधिक मजदूरों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि सासमुसा चीनी मिल में बॉयलर विस्फोट के बाद कई मजदूर अभी इसमें फंसे हुए हैं, जिन्हें बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
6. दिल्ली में सुबह कोहरा छाया, 15 रेलगाडिय़ां रद्द, 30 गाडिय़ों लेट
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार सुबह कोहरा छाया हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरे की वजह से 15 रेलगाडिय़ां रद्द हो गई, 30 निर्धारित समय से देरी से चल रही है जबकि 11 के समय में फेरबदल किया गया है।
7. जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड का बड़ा फैसला, रायन इंटरनेशनल स्कूल में हुए प्रद्युम्न हत्याकांड के आरोपी को बालिग माना
गुरूग्राम के रायन इंटरनेशनल स्कूल में हुए चर्चित प्रद्युम्न हत्याकांड में जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने एक बड़ा फैसला दिया है। इस मामले में जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने साफ कर दिया है कि आरोपी जो 11 वीं का छात्र है उस पर बालिग की तरह केस चलेगा। बीते 7 नवंबर को आरोपी को हिरासत में लिया गया था। आरोपी की उम्र करीब 16 साल है।
8. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नाराज JDU नेता और राजयसभा सांसद वीरेंद्र कुमार ने राज्यसभा सभापति को सौंपा इस्तीफा
जनता दल (युनाइटेड) की केरल इकाई के अध्यक्ष एम.पी. वीरेंद्र कुमार ने बुधवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वीरेंद्र कुमार ने राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। नेता ने कहा, ‘‘मैंने नियमानुसार इस्तीफा दिया है। मैं नीतीश कुमार की पार्टी का नेता हूँ और मुझे उनके साथ होना चाहिए था, लेकिन अब जब नीतीश कुमार संघ परिवार के एंजेडे के पीछे चल पड़े हैं तो मैं इसे स्वीकार नहीं कर सकता हूं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि मुझे पिछले साल यह सीट मिली थी, जब मैं केरल में सोशलिस्ट जनता डेमोक्रेटिक (एसजेडी) पार्टी का हिस्सा था, जो कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ का हिस्सा थी। मेरे निर्वाचन के बाद एसजेडी का जद(यू) में विलय हो गया।’’
9. मकोका की तर्ज़ पर यूपी कोका विधेयक विधानसभा में पेश, अब माफियाओं की नहीं होगी खैर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (यूपीकोका) विधेयक बुधवार को सदन विधानसभा में पेश किया। विपक्ष ने एक सुर से इस विधेयक को काला कानून करार दिया। आदित्यनाथ ने यूपीकोका विधेयक अचानक सदन में पेश कर दिया। हालांकि सदन की कार्यसूची में पहले यह शामिल नहीं था, लेकिन सत्ता पक्ष की ओर से पेश किए गए इस विधेयक से विपक्ष चकरा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यूपीकोका के प्रस्ताव को सदन में पेश कर रही है। इस विधेयक के कानून बन जाने के बाद संगठित अपराध को रोकने में मदद मिलेगी।
10. तो क्या गुजरात में रूपानी मुख्यमंत्री और पटेल के उपमुख्यमंत्री बने रहेंगे?
गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में बने रहने के बाद विजय रूपानी और नितिन पटेल के क्रमश: गुजरात के मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री के तौर पर बने रहने की उम्मीद है। लेकिन कुछ अन्य की भी शीर्ष पद पर नजर बनाए रखने की बात कही जा रही है। भाजपा सूत्रों ने बुधवार को कहा कि रूपानी की जगह चाहने वालों में गुजरात में नरेंद्र मोदी सरकार में रहने वाले मंत्री शामिल हैं। भाजपा में रूपानी और पटेल को 2019 के आम चुनाव तक पदों पर बनाए रखने की संभावना दिख रही है।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7
