
हैदराबाद ने खराब शुरुआत के बावजूद अहम मुकाबले में गुजरात लॉयंस को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। कप्तान वॉर्नर की 69 रन की शानदार पारी की बदौलत हैदराबाद जीत हासिल करने में कामयाब रही।
गुजरात लॉयंस के 154 रन के लक्ष्य का पीछा करने हैदराबाद की तरफ से शिखर धवन और डेविड वॉर्नर मैदान पर उतरे। हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके दो खिलाड़ी तीसरे ओवर में आउट हो गए। हैदराबाद को पहला झटका धवन के रूप में लगा। धवन 18 रन बनाकर फॉल्कनर को कैद दे बैठे। इसके बाद मोइसिस हेनरिक्स आए लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके और 4 रन बनाकर प्रवीण कुमार का शिकार हो गए। हैदराबाद की खराब शुरुआत के बावजूद कप्तान वॉर्नर ने मोर्चा संभाले रखा और टीम को जीत दिलाने में कामयाब रहे। वॉर्नर ने 41 गेंदों में 6 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया।
वॉर्नर ने 52 गेंदों में 69 रन बनाए, तो वहीं विजय शंकर ने अपने कप्तान का भरपूर साथ दिया और 43 गेंदों में 63 रन की पारी खेली। हैदराबाद 2 विकेट खोकर 18.1 ओवर में 158 रन बनाकर जीत हासिल करने में सफल रही।
इससे पहले, हैदराबाद ने टॉस जीतकर गुजरात लॉयंस के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। अच्छी शुरुआत के बवाजूद लॉयंस बड़ा स्करो बनाने में नाकाम रहे। लॉयंस की तरफ से बल्लेबाजी करने ईशान किशन और ड्वेन स्मिथ आए। लॉयंस को पहला झटका ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे स्मिथ के रूप में लगा। स्मिथ 33 गेंदों में 53 रन बनाकर राशिद खान का शिकार हो गए।
स्मिथ के आउट होने के कुछ देर बाद ईशान भी पेवेलियन लौट गए। छक्का मारने के प्रयास में ईशान नमन ओझा को कैच दे बैठे। ईशान ने 40 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। स्मिथ और ईशान के बीच पहले विकेट के लिए 65 गेंदों में 111 रन की साझेदारी हुई है। इन दोनों के आउट होने के बाद गुजरात लड़खड़ा गई और विकेटों की झड़ी लग गई। गुजरात अच्छी शुरुआत के बाद पूरी पारी में एक अदद मजबूती साझेदारी के लिए तरसती रही और टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
कप्तान सुरेश रैना भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 2 रन बनाकर सस्ते में सिराज का शिकार हो गए। इसके बाद दिनेश कार्तिक भी बिना खाता खोले आउट हो गए। गुजरात को एरोन फिंच से काफी उम्मीदें थीं लेकिन वह भी विकटों की झड़ी को रोकने में नाकामयाब रहे और 2 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। वहीं, फॉल्कनर केवल 10 रन बन सके और राशिद की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद प्रदीप सांगवान बिना खाता खोले आउट हो गए। निचले क्रम के बल्लेबाज अंकित सोनी और प्रवीण कुमार भी जल्द ही आउट हो गए। आखिर में बल्लेबाजी के लिए उतरे मुनाफ पटेल भी बिना खाता खोले भुवनेश्वर का शिकार हो गए।
रवींद्र जडेजा 20 रन बनाकर नाबाद रहे। लॉयंस निर्धारित 20 ओवर भी नहीं खेल पाए और पूरी टीम 19.2 ओवर में 154 रन पर ढेर हो गई।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7