
सुपर ओवर के रोमांच में शनिवार को मुंबई इंडियन्स ने गुजरात लॉयंस को राजकोट में खेले गए मुकाबले में मात दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 153 रन बनाए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई 20 ओवर में 153 रन पर ऑल आउट हो गई और मैच सुपर ओवर में पहुंंचा जहां हार-जीत का फैसला होना था। सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने पांच गेंद में 2 विकेट खोकर 11 रन बनाए। लेकिन गुजरात की टीम सुपर ओवर में 12 रन नहीं बना सकी और हाथ में आया मैच गंवा दिया। जसप्रीत बुमराह ने मुंबई के लिए शानदार गेंदबाजी की।
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की ओर से जोस बटलर और केरन पोलार्ड बल्लेबाजी करने उतरे। जेम्स फॉक्नर की पहली गेंद पर बटलर ने 1 रन बनाया। इसके बाद अगली दो गेंदों पर पोलार्ड ने पहले चौका और फिर छक्का जड़ा। चौथी गेंद पर वह कैच आउट हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी के रोहित शर्मा आए। स्ट्राइक पर बटलर थे बटलर भी पांचवीं गेंद पर कैच हो गए। इस तरह मुंबई के लिए सुपर ओवर 5 गेंद पर 11 के स्कोर पर खत्म हो गया।
जीत के लिए गुजरात को सुपर ओवर में 12 रन बनाने थे। गुजरात के लिए बल्लेबाजी करने एरोन फिंच और ब्रैंडन मैक्कलम उतरे। गेंद बुमराह के हाथों में थी। बुमाराह ने नो -बॉल से ओवर की शुरुआत की । इसके बाद फ्री हिट का फायदा फिंच नहीं उठा सके। फ्री हिट पर एक रन हासिल हुआ। इसके बाद ओवर की दूसरी गेंद पर मैक्कलम स्ट्राइक पर आ गए। इसके बाद तीसरी गेंद बुमराह ने वाइड फेंक दी। तीसरी गेंद पर मैक्कलम ने 1 रन बाई का हासिल किया। जीत के लिए 2 गेंद में 8 रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर फिंच थे। फिंच पांचवीं गेंद पर एक रन हासिल कर सके। छठी गेंद पर जीत के लिए 7 रन बनाने थे लेकिन फिंच केवल एक रन बना सके। इस तरह सुपर ओवर में मुंबई ने 6 रन से गुजरात को मात देकर मैच अपने नाम कर लिया।
154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई ने शानदार शुरुआत करते हुए पार्थिव पटेल और जोस बटलर 3 ओवर में 40 रन बनाए। चौथे ओवर में बटलर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। बटलर ने 9 रन बनाए। पहला विकेट गंवाने के बाद भी मुंबई की रन गति पर कोई असर नहीं हुआ। नीतीश राणा और पार्थिव पटेल ने दूसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। इस दौरान पार्थिव ने 50 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। फॉर्म में चल रहे राणा 19 रन बनाने के बाद राणा सोनी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा 3 रन बनाकर फॉक्नर की गेंद पर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक को कैच दे बैठे। इसी ओवर में पार्थिव भी फॉक्नर का शिकार बने। पार्थिव ने 44 गेंद में 70 रन बनाए। केरन पोलार्ड एक बार फिर अपना जलवा नहीं दिखा सके। बासिल थंपी ने उन्हें 15 रन पर कैच करवा दिया। हार्दिक पांड्या अपने भाई का साथ ज्यादा देर तक नहीं दे सके।
फिलहाल मुंबई ने 19 ओवर में 8 विकेट खोकर 143 रन बना लिए थे। आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए मुंबई को 6 गेंद में 11 रन बनाने थे। रैना ने गेंद इरफान पठान को थमाई। इरफान की पहली ही गेंद पर क्रुणाल ने स्ट्रेट छक्का जड़ दिया। इसके बाद पांच गेंद में मुंबई को 5 रन बनाने थे। मुंबई अंतिम पांच गेंदों में केवल 4 रन बना सकी और मैच टाई हो गया और आईपीएल के दसवें सीजन में पहली बार कोई मैच सुपर ओवर तक पहुंच गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 153 रन बनाए। ओपनर ईशान किशन गुजरात के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने 35 गेंद में 48 रन की शानदार पारी खेली। शुरुआत से अंत तक गुजरात की टीम लगातार विकेट खोती रही बड़ी साझेदारियों की कमी के कारण गुजरात 20 ओवर में महज 153 रन बना सकी। गुजरात को फॉकनर और टाय ने आठवें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी करके बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।
गुजरात को पहला झटका ओपनर ब्रेंडन मैक्कलम के रूप में लगा वह सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान सुरेश रैना आउट होने वाले दूसरे खिलाड़ी थे वह बुमराह की गेंद पर पोलॉर्ड को कैच थमा बैठे। फिंच आउट के रूप में गुजरात को तीसरा झटका लगा, वह मलिंगा की गेंद पर बोल्ड हुए। टीम को चौथा झटका तब लगा जब क्रुणाल पांड्या की गेंद पर दिनेश कार्तिक स्टंप आउट हुए। टीम को पांचवां झटका ईशान किशन के रूप में लगा वह हरभजन सिंह की गेंद पर आउट हुए। वह फिफ्टी से मात्र 2 रन दूर थे। रवींद्र जडेजा आउट होने वाले छठे बल्लेबाज रहे, उन्होंने 21 गेंदों पर 28 रन बनाए। इरफान पठान को क्रुणाल पांड्या ने अपना शिकार बनाया। वह आउट होने वाले सातवें बल्लेबाज थे।
मुंबई लीग तालिका में दूसरे स्थान पर है तो वहीं गुजरात पांचवें स्थान पर है। मुंबई की टीम इस टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखा रही है और उसने अबतक सिर्फ 2 मैच में ही शिकस्त का सामना किया है।दोनों टीमों के प्रदर्शन की बात करे तो मुंबई ने अबतक खेले गए आठ मैचों में से 6 में जीत हासिल की है और दो में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं गुजरात ने खेले गए 8 मैचों में से सिर्फ तीन में ही जी हासिल की है और पांच मैचों में उसे हार का मुंह देखना पड़ा है। बात करें बल्लेबाजी की तो मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी और फिल्डिंग बेहतर रही है। पूरी टीम नियंत्रित नजर आ रही है। वहीं पिछले मैच में कप्तान रोहित शर्मा के बल्ले से निकले अर्धशतक ने टीम को नई ऊर्जा प्रदान की है। वहीं मिडल ऑर्डर में नीतीश राणा, क्रुणाल पांड्या और हार्दिक पांड्या ने अबतक अपनी छाप छोड़ने में कामयाब हुए हैं।
वहीं गुजरात के बल्लेबाज ब्रेंडन मैकुलम और एरोन फिंच ने टीम को अपनी बैटिंग से कई हद तक प्रभावित किया है। गुजरात की टीम अपने कप्तान सुरेश रैना के पूरी तरह से फिट होने का इंतजार कर रही है। उन्हें पिछले मैच में फिल्डिंग के दौरान कंधे पर चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें बल्लेबाजी करने में भी परेशानी हो रही थी। जेम्स फॉकनर और एंड्यू टाइ ने गेंदबाजी के मोर्चे पर टीम को अहम मौकों पर सफलता दिलाई है।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7