
लगता है भाजपा में विवादित बयान देने की होड़ सी लग गयी है, अभी बाराबंकी की सांसद ने पुलिस अधिकारी की खाल उतरवाने की बात कही थी और अब बसपा से भाजपा में आये स्वामी प्रसाद मौर्य विवादित बयान बाजी कर रहे हैं। स्वामी 3 तलाक पर एक बेहद विवादित बयान दिया है उन्होंने कहा है कि मुस्लिम 3 तलाक देकर दूसरी शादी अपनी हवस मिटाने के लिए करते हैं।
बीएसपी छोड़कर बीजेपी का दामन थामने वाले कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने 3 तलाक पर विवादित बयान देकर इस मामले को तूल दे दिया है। मौर्य ने कहा कि मुस्लिम 3 तलाक देकर अपनी हवस को पूरा करने के लिए लगातार बीवियां बदलने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि 3 तलाक के मुद्दे पर बीजेपी मुस्लिम महिलाओं के साथ है।
स्वामी प्रसाद मौर्य शुक्रवार को बस्ती में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उन्होंने कहा, ‘मुस्लिम अकारण, बेवजह और मनमाने तरीके से जब चाहे बिना किसी वजह के अपनी पत्नियों को तलाक दे देते हैं। तलाक देकर वह अपनी हवस को पूरा करने का काम कर रहे हैं। तलाक की वजह से उनकी पत्नी और बच्चों को सड़क पर भीख मांगने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।’
मौर्य ने बीएसपी मुखिया मायावती पर निशाना साधते हुए कहा, ‘जब मैंने पार्टी छोड़ी तो मायावती ने कहा था कि जो बीएसपी छोड़ेगा उसकी राजनीति खत्म हो जाएगी, लेकिन राजनीति उनकी खत्म हुई जो मायावती के बंधुआ मजदूर बन कर रह रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि वह संघर्षों से निकले नेता हैं और मायावती की राजनीति खत्म करके ही दम लेंगे।
स्वामी प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश में बड़े और पिछड़े वर्ग के कद्दावर नेता माने जाते हैं। इससे पहले वह बीएसपी में थे और विधानमंडल दल में विपक्ष के नेता थे। वह मायावती के करीबियों में शुमार किए जाते थे, लेकिन यूपी विधानसभा चुनाव के 6 महीने पहले उन्होंने मायावती को भला-बुरा कहते हुए पार्टी छोड़ दी थी। उसके बाद उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ले ली थी। बीजेपी की सरकार बनने के बाद उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया और श्रम मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई।
स्वामी प्रसाद मौर्य अपने विवादित बयानों की वजह से अक्सर चर्चा में रहते हैं। बीएसपी छोड़ने के बाद उन्होंने मायावती पर टिकट बेचने का आरोप लगाया था और दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित को रिजेक्टेड माल बताया था। एक समय उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7