Breaking News
BigRoz Big Roz
Home / Breaking News / Air India Fuel Switch Glitch: बोइंग 787 के फ्यूल स्विच में गड़बड़ी, एअर इंडिया ने पूरे बेड़े की जांच शुरू की

Air India Fuel Switch Glitch: बोइंग 787 के फ्यूल स्विच में गड़बड़ी, एअर इंडिया ने पूरे बेड़े की जांच शुरू की

देश की प्रमुख एयरलाइन Air India एक बार फिर अलर्ट मोड पर है। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में सामने आई तकनीकी गड़बड़ी के बाद एयर इंडिया ने अपने पूरे 787 बेड़े की जांच शुरू कर दी है।

मामला लंदन से बेंगलुरु आने वाली फ्लाइट से जुड़ा है, जहां उड़ान से पहले ही पायलट की सतर्कता ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। सवाल उठता है क्या ड्रीमलाइनर विमानों में फ्यूल सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित है?

सोमवार 2 फरवरी को लंदन से बेंगलुरु के लिए संचालित हो रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-132 में उस वक्त हलचल मच गई, जब पायलट ने उड़ान से पहले बोइंग 787 ड्रीमलाइनर के फ्यूल कंट्रोल स्विच में गड़बड़ी की सूचना दी।

तकनीकी जांच में सामने आया कि फ्यूल कंट्रोल स्विच रन पोजीशन में स्थिर नहीं था और कट-ऑफ की ओर बढ़ रहा था। रन पोजीशन इंजन को चालू रखने के लिए होती है, जबकि कट-ऑफ का मतलब सीधे इंजन बंद होना।

विमान में उस समय करीब 200 यात्री सवार थे, लेकिन पायलट की सतर्कता के चलते विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया। शुरुआती जांच के बाद इस तकनीकी समस्या को गंभीर मानते हुए एयर इंडिया ने अपने पूरे Boeing 787 Dreamliner बेड़े की दोबारा जांच शुरू कर दी।

सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया के करीब आधे 787 विमानों की जांच पूरी हो चुकी है और अब तक किसी अन्य विमान में ऐसी गड़बड़ी नहीं पाई गई है, लेकिन शेष विमानों की जांच अभी जारी है। एयरलाइन के इंजीनियरिंग विभाग ने इस पूरे मामले को प्राथमिकता के आधार पर सीधे बोइंग कंपनी को भेज दिया है।

एयर इंडिया के फ्लाइट ऑपरेशंस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनीष उप्पल ने सभी 787 पायलटों को ई-मेल भेजकर जानकारी दी कि जब तक बोइंग की ओर से आधिकारिक जवाब नहीं आता, तब तक एहतियातन पूरे बेड़े में फ्यूल कंट्रोल स्विच लैच की दोबारा जांच की जा रही है। जिन विमानों की जांच पूरी हो चुकी है, उनमें फिलहाल कोई असामान्यता सामने नहीं आई है।

इसके साथ ही एयर इंडिया ने अपने सभी क्रू मेंबर्स को सख्त निर्देश दिए हैं कि ऑपरेशन के दौरान किसी भी तरह की तकनीकी गड़बड़ी दिखते ही तुरंत रिपोर्ट करें और विमान को स्वीकार करने से पहले सभी जरूरी जांच प्रक्रियाएं पूरी की जाएं।

गौर करने वाली बात यह है कि पिछले साल जून में अहमदाबाद में बोइंग 787-8 विमान के हादसे के बाद भी फ्यूल कंट्रोल स्विच पर सवाल खड़े हुए थे।

उस दुर्घटना में 260 लोगों की जान गई थी और शुरुआती जांच रिपोर्ट में टेक-ऑफ के तुरंत बाद फ्यूल सप्लाई बंद होने की बात सामने आई थी। इसी वजह से अब इस ताज़ा घटना को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।

फिलहाल एयर इंडिया के पास कुल 33 बोइंग 787 विमान हैं, जिनमें 26 बोइंग 787-8 और 7 बोइंग 787-9 शामिल हैं। इनमें कुछ विमान विस्तारा से जुड़े हैं और एक कस्टम-मेड ड्रीमलाइनर को हाल ही में जनवरी में बेड़े में शामिल किया गया है।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और यही वजह है कि एयर इंडिया इस तकनीकी गड़बड़ी को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। अब सबकी नजर बोइंग की रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

अगर आप ऐसी ही बड़ी एविएशन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और अंदर की जानकारी सबसे पहले चाहते हैं, तो चैनल को अभी सब्सक्राइब करें और वीडियो को लाइक व शेयर जरूर करें।


Discover more from Khabar 24 Express Indias Leading News Network, Khabar 24 Express Live TV shows, Latest News, Breaking News in Hindi, Daily News, News Headlines

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Check Also

भुसावळ: जामनेर रोडवरील श्री गजानन महाराज मंदिरात भाविकांची मोठी गर्दी, परिसर भक्तिमय

भुसावळ: जामनेर रोडवरील श्री गजानन महाराज मंदिरात भाविकांची मोठी गर्दी, परिसर भक्तिमय

Leave a Reply

Discover more from Khabar 24 Express Indias Leading News Network, Khabar 24 Express Live TV shows, Latest News, Breaking News in Hindi, Daily News, News Headlines

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading