
नागपुर महानगरपालिका की सत्ता संरचना अब पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने मनपा के सभी प्रमुख पदाधिकारियों के नामों पर अंतिम सहमति बना ली है। अब केवल 2 फरवरी को औपचारिक घोषणा होना बाकी है।
राजनीतिक गलियारों में चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए यह तय हो चुका है कि दक्षिण नागपुर से निर्वाचित भाजपा नगरसेविका नीता ठाकरे नागपुर की अगली महापौर होंगी। पार्टी नेतृत्व ने उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है।

उपमहापौर: संजय बालपांडे
मनपा में उपमहापौर पद की जिम्मेदारी मध्य नागपुर से निर्वाचित एडवोकेट संजय बालपांडे को सौंपी गई है। सूत्रों के मुताबिक, संगठन ने संतुलन और अनुभव को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। हालांकि शुरुआती दौर में पद को लेकर असमंजस की चर्चा थी, लेकिन अब नाम पूरी तरह तय माना जा रहा है।
शिवानी दाणी को मिली मनपा की आर्थिक कमान
इस पूरी राजनीतिक कवायद में सबसे अहम और चौंकाने वाला फैसला युवा नगरसेविका शिवानी दाणी को लेकर सामने आया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दक्षिण-पश्चिम नागपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित शिवानी दाणी को स्थायी समिति सभापति बनाया जा चुका है।
इसके साथ ही मनपा की आर्थिक नीतियों और विकास कार्यों की कमान अब उनके हाथों में होगी। पार्टी नेतृत्व ने युवा नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
बाल्या बोरकर बने सत्ता पक्ष नेता
पूर्व नागपुर से लगातार चौथी बार निर्वाचित वरिष्ठ नगरसेवक नरेंद्र उर्फ बाल्या बोरकर को सत्ता पक्ष नेता बना दिया गया है। यह पद मनपा की राजनीति में बेहद प्रभावशाली माना जाता है।
पूर्व नागपुर से सर्वाधिक भाजपा नगरसेवक निर्वाचित होने और उनके लंबे राजनीतिक अनुभव को देखते हुए यह फैसला लिया गया। अब मनपा सदन में भाजपा की रणनीति और समन्वय की जिम्मेदारी बाल्या बोरकर के कंधों पर होगी।
रजवाड़ा पैलेस बैठक में हुआ अंतिम निर्णय
रजवाड़ा पैलेस में आयोजित भाजपा की अहम बैठक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और सभी भाजपा विधायक मौजूद रहे। इसी बैठक में नवनिर्वाचित नगरसेवकों के साथ विस्तार से चर्चा कर सभी पदाधिकारियों के नाम फाइनल किए गए।
बैठक के बाद से ही यह साफ हो गया था कि अब किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और केवल आधिकारिक घोषणा शेष है।
उत्तर नागपुर को नहीं मिला बड़ा पद
इस बार मनपा के प्रमुख पदाधिकारियों के चयन में उत्तर नागपुर को बड़ा प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। संभावना है कि उत्तर नागपुर के नगरसेवकों को परिवहन, स्वास्थ्य या अन्य समितियों की जिम्मेदारी दी जा सकती है। महापौर पद की दौड़ में पहले जिन नामों की चर्चा थी, वे महिला आरक्षण के कारण दौड़ से बाहर हो गए।
5 साल में 4 महिला महापौर का फॉर्मूला
भाजपा ने मनपा कार्यकाल को लेकर भी स्पष्ट रणनीति तय की है।
- महापौर और उपमहापौर का कार्यकाल सवा-सवा वर्ष का रहेगा
- 5 वर्षों में नागपुर को 4 महिला महापौर और 4 उपमहापौर मिलेंगे
- स्थायी समिति सभापति और सत्ता पक्ष नेता का कार्यकाल 2-2 वर्ष का होगा
इस फॉर्मूले के तहत आने वाले वर्षों में मनपा की राजनीति में चरणबद्ध बदलाव देखने को मिलेंगे।
2 फरवरी को होगी आधिकारिक घोषणा
हालांकि सभी नाम तय हो चुके हैं, लेकिन भाजपा की ओर से 2 फरवरी को औपचारिक घोषणा की जाएगी। इसके बाद नागपुर महानगरपालिका में नई सत्ता टीम औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेगी।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7