Breaking News
BigRoz Big Roz
Home / Breaking News / भाजपा नेता ने की पूर्व विधायक हाजी अलीम के भतीजे की हत्या, बुलंदशहर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप

भाजपा नेता ने की पूर्व विधायक हाजी अलीम के भतीजे की हत्या, बुलंदशहर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप

Crime News Bulandshshr | Bureau Report Lokendra Raj Singh | Khabar 24 Express

बुलंदशहर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक भाजपा नेता और उसके साथियों पर पूर्व बसपा विधायक हाजी अलीम के भतीजे की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है।

आरोप है कि हत्या के बाद हमलावरों ने युवक को स्कॉर्पियो से रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात रविवार रात करीब 8 बजे कोतवाली क्षेत्र के नीमखेड़ा गांव के पास हुई। मृतक सूफियान अपने भाई अकरम और दोस्त अधिवक्ता कादिर अली के साथ 24 बीघा के एक बाग को देखने जा रहा था।

जैसे ही वे मामन रोड पर पहुंचे, तभी स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने उनकी क्रेटा कार के आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया।

एफआईआर में बताया गया है कि आरोपियों ने सूफियान को जबरन गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

जब उसका भाई अकरम बीच-बचाव करने आया, तो उस पर भी जानलेवा हमला किया गया। इसके बाद आरोपियों ने सूफियान को स्कॉर्पियो से कुचल दिया। इस दौरान कादिर अली डर के कारण गाड़ी में ही बैठा रहा और उसे कोई चोट नहीं पहुंचाई गई।

घटना के बाद घायल अकरम और सूफियान को किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सूफियान को मृत घोषित कर दिया, जबकि अकरम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

हत्या की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसएसपी ने हालात को काबू में किया, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।

सोमवार दोपहर सूफियान के जनाजे में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में 300 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की, जिनमें दो एसपी, एक एएसपी, छह सीओ और करीब 30 इंस्पेक्टर शामिल हैं।

पुलिस ने इस मामले में भाजपा के ग्रामीण मंडल मंत्री सतेंद्र उर्फ पिंटू चौधरी, उसके दो भाइयों भूरा उर्फ रविंद्र और बबलू उर्फ विजय, गांव के तेजपाल और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और लूट का मुकदमा दर्ज किया है।

आरोप है कि हमलावर अकरम की लाइसेंसी पिस्टल और मोबाइल फोन भी लूट ले गए। पुलिस ने भूरा उर्फ रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जिस बाग को लेकर विवाद हुआ, वह मामन रोड पर स्थित है और उसे बेचे जाने की तैयारी चल रही थी। बाग को खरीदने के लिए कई प्रॉपर्टी डीलर प्रयासरत थे।

अकरम भी इस बाग को खरीदना चाहता था। इसी सिलसिले में रविवार रात सूफियान, अकरम और उनके साथी कादिर अली बाग की पैमाइश करने पहुंचे थे। उसी दौरान विवाद बढ़ा और यह खूनी संघर्ष में बदल गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर जमीन विवादों में बढ़ती हिंसा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Check Also

राष्ट्रकुल पदक विजेत्या खेळाडूंची पंतप्रधान नरेंद्र मोदींसोबत भेट ; केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे यांची उपस्थिती

राष्ट्रकुल पदक विजेत्या खेळाडूंची पंतप्रधान नरेंद्र मोदींसोबत भेट ; केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे यांची उपस्थिती

Leave a Reply

Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Subscribe