
Bureau Report | Lokendra Raj Singh | Bulandshahr News | Khabar 24 Express
बुलंदशहर में बुधवार को वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकीलों ने जिला मुख्यालय का घेराव किया और सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया।
पूरे शहर में “अधिवक्ता एकता जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह आंदोलनमय हो गया।
अधिवक्ताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर बाजार बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। व्यापारियों ने भी वकीलों के समर्थन में अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। शहर के प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अधिवक्ताओं को अपना समर्थन दिया और उनकी मांग को न्यायसंगत बताया। व्यापारियों का कहना है कि वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच नहीं होने से आम जनता, व्यापारी और वादी सभी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बार एसोसिएशन बुलंदशहर के अध्यक्ष सुमन राघव ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आबादी और मामलों की संख्या को देखते हुए यहां हाईकोर्ट बेंच की सख्त जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, व्यापारी सुरक्षा फोरम के प्रदेश महामंत्री अनिल देशभक्त ने भी अधिवक्ताओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि व्यापारियों का यह बंद न्याय के लिए है और वे वकीलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, जबकि वकीलों ने संकेत दिए हैं कि मांग पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Bureau Report | Lokendra Raj Singh | Bulandshahr News | Khabar 24 Express
Tags:
Bulandshahr News, West UP High Court Bench, Bulandshahr Advocates Protest, Bulandshahr Market Closed, हाईकोर्ट बेंच वेस्ट यूपी, बुलंदशहर वकील प्रदर्शन
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7