
जितेंद्र पटले, भंडारा (महाराष्ट्र) : भंडारा जिले की ग्रामीण सड़कों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। नाकाडोंगरी से महालगांव को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क पिछले तीन वर्षों से पूरी तरह जर्जर पड़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर चलना मानो यमराज को याद करने जैसा हो गया है। सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से आम जनता बेहद परेशान है।
सड़क पर मुरम का लेप, गड्ढों में तब्दील हुआ रास्ता
PWD विभाग ने इस सड़क पर केवल मुरम डालकर औपचारिकता निभाई, जिसके कारण यह सड़क खेतों के रास्ते जैसी दिखने लगी है। बीते महीनों में यहां कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
ओवरलोड ट्रक बने मुसीबत
ग्रामीणों ने बताया कि मैंगनीज की राख से भरे ओवरलोड ट्रक रात भर इस सड़क से गुजरते हैं, जिससे सड़क की हालत और बत्तर होती जा रही है।
- उड़ती धूल से आंखों में जलन और संक्रमण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
- सड़क की अधिकृत क्षमता 6 टन है, लेकिन उससे अधिक वजन ढोने वाले ट्रक जमीन धंसा रहे हैं।
- गड्ढे लगातार गहरे हो रहे हैं और हादसों का खतरा बढ़ गया है।
प्रशासन मौन, ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ा
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग इस समस्या पर कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे बैठा है। नाकाडोंगरी से मध्यप्रदेश जाने वाले ट्रकों का यह प्रमुख मार्ग होने की वजह से ट्रैफिक लगातार बढ़ रहा है। कई बार ग्रामीणों ने सड़क पर ट्रक चलाने का विरोध किया, लेकिन कुछ समय बंद रहने के बाद ट्रक दोबारा शुरू हो जाते हैं।
स्कूली बच्चों और आम जनता की सुरक्षा खतरे में
इस सड़क से रोजाना स्कूली बच्चे शहर पढ़ने जाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोज आने-जाने को मजबूर हैं। मध्यप्रदेश–महाराष्ट्र को जोड़ने वाली यह सड़क क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाती है, लेकिन वर्तमान हालत डर पैदा करती है।
सरपंच ने दी आंदोलन की चेतावनी
महालगांव के सरपंच पारस भुसारी ने ओवरलोड ट्रकों पर रोक लगाने की मांग तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के साथ मिलकर जल्द ही आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग, पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है।
जितेंद्र पटले, भंडारा (महाराष्ट्र)
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7