भारत की तरफ से विराट कोहली की जबरदस्त पारी भी भारतीय टीम को मैच न जिता पाई और मुकाबला टाई हो गया। भारत की तरफ से विराट कोहली ने सर्वाधिक रन बनाए उन्होंने 129 गेंदों पर 157 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने कई रिकॉर्ड भी तोड़े और एकदिवसीय मैचों में उन्होंने अपने 10000 रन भी पूरे कर लिए।
बता दें कि विशाखापट्टनम में खेले जा रहे दूसरे वन-डे में टीम इंडिया द्वारा मिले 322 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंडीज की तरफ से आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर शाई होप (123*) ने चौका जड़कर मैच को टाई कराया। हालांकि, पांच मैचों की इस सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे है।
इस रोमांचक मुकाबले में विंडीज की तरफ से शाई होप ने उम्दा पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 134 गेंदों पर 10 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, टीम इंडिया की तरफ से कप्तान विराट कोहली को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। उन्होंने 129 गेंदों पर 13 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 157 रन नाबाद शतकीय पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज ने सधी हुई शुरुआत की, लेकिन जल्द ही शमी ने किरोन पॉवेल (18) को आउट करके भारत की वापसी कराई। इसके बाद चाइनामैन कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी के जाल में कैरेबियाई बल्लेबाजों को उलझाया और चंद्रपॉल हेमराज (32) व मार्लोन सैमुअल्स (13) को क्लीन बोल्ड करके पवेलियन भेजा।
फिर बल्लेबाजी करने उतरे शेमरन हेटमेयर और शाई होप के बीच 143 रन की अहम साझेदारी हुई। मैच यहां से मेहमान टीम के पक्ष में जाता दिख रहा था तभी पहले चहल ने पहले हेटमेयर (94) को चलता किया तो जल्द ही नए बल्लेबाज पॉवेल भी कुलदीप यादव का शिकार बने। इसके बाद 48वें ओवर में चहल की दूसरी गेंद पर जेसन होल्डर (12) रायुडू के सहयोग से रन आउट हो गए।
आखिरी ओवर में उमेश यादव की गेंद पर एशले नर्स 5 रन बनाकर कैच आउट हो गए। रायुडू ने नर्स का कैच लपका। यहां से टीम इंडिया ने मैच में वापसी की। टीम इंडिया की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट कुलदीप यादव (3) ने लिए, जबकि शमी, उमेश यादव और चहल ने संयुक्त रूप से 1-1 विकेट लिए।
इससे पहले विराट कोहली की नाबाद 157 रन की पारी की बदौलत टीम इंडिया ने दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज के सामने 322 रन का विशाल लक्ष्य रखा। भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 321 रन बनाए।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7
