Manish Kumar Ankur | Exclusive Report : नागपुर में चल रहे विकास कार्यों की रफ्तार को लेकर अब पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मोर्चा संभाल लिया है।
बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, रमाई घरकुल योजना, सड़क विकास और सीमेंट रोड प्रोजेक्ट जैसी कई योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। बावनकुले ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अब देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जनता को विकास के परिणाम ज़मीन पर दिखने चाहिए।
आयुक्त अभिजीत चौधरी ने बावनकुले के सामने पावर पॉइंट प्रेज़ेंटेशन के जरिए विस्तार से जानकारी दी जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, रमाई घरकुल, एएचपी हाउसिंग प्रोजेक्ट, सड़क और सीमेंट रोड के कार्य शामिल थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वांजरा में 480 फ्लैट्स को मंजूरी मिली है और जून 2025 तक इन्हें लाभार्थियों को सौंपा जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर 55 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत आई है। इसी तरह व्यक्तिगत घर निर्माण योजना में 2328 लाभार्थियों के प्रस्ताव स्वीकृत हुए हैं।
एएचपी यानी भागीदारी के सिद्धांत पर किफायती घर योजना के तहत नारी, पुनापुर और हुडकेश्वर क्षेत्रों में निर्माण कार्य जारी है। नारी में 518, पुनापुर में 840 और हुडकेश्वर में 240 सदनिकाएं बनाने का प्रस्ताव है। वहीं रमाई घरकुल योजना के तहत 2014 से 2025 तक 6229 घरों को मंजूरी दी जा चुकी है।
सीमेंट सड़क योजना के चौथे चरण में कुल 33 कार्य स्वीकृत हुए हैं जिनकी कुल लंबाई करीब 23 किलोमीटर है और इन पर 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बावनकुले ने कहा कि विधायकों को उनके क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी समय-समय पर दी जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने शहर के अविकसित इलाकों पर विशेष ध्यान देने और हॉट मिक्स प्लांट का उपयोग कर सड़कों की मरम्मत तेजी से करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायकों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी सामने रखीं, जिन पर बावनकुले ने तत्काल संज्ञान लेने और जल्दी समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक डॉ. नितिन राऊत, विकास ठाकरे, प्रवीण दटके, कृष्णा खोपड़े समेत कई जनप्रतिनिधि और नगर निगम अधिकारी मौजूद रहे। पालकमंत्री ने स्पष्ट कहा नागपुर के विकास में कोई ढिलाई नहीं चलेगी। हर परियोजना समय पर पूरी होनी चाहिए, ताकि जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
बावनकुले का ये सख्त रुख साफ दिखाता है कि अब नागपुर के विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने वाली है।
अब देखना ये होगा कि प्रशासन उनके निर्देशों पर कितनी तेजी से अमल करता है।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7