
डुंगरपुर, राजस्थान
पत्रकार सुरक्षा कानून शीघ्र हो लागू – जार
-जार की डूंगरपुर इकाई ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा
डूंगरपुर, 05 दिसम्बर। लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ कहे जाने वाले पत्रकारों पर लगातार हमले की घटनाएं बढ़ रही है, जिससे पत्रकारों व दूसरे मीडियाकर्मियों में भय व खौफ है। लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को भयमुक्त करने के लिए राजस्थान में पत्रकारों की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है, जिसके लिए राजस्थान में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाना बहुत जरूरी हो गया है। महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू हो चुका है। राज्य में पत्रकारों व मीडियाकर्मियों पर बढ़ते हमले को देखते हुए यहां भी शीघ्रातिशीघ्र पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाना चाहिए। इस मांग को लेकर जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन आॅफ राजस्थान (जार) की ओर से प्रदेशभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत डूंगरपुर इकाई की ओर से मंगलवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

जार डूंगरपुर के जिलाध्यक्ष मनोज जैन के नेतृत्व में जिला कलेक्टर सुरेश ओला के मार्फत दिए गए इस ज्ञापन में कहा गया कि दो साल के कार्यकाल में राजस्थान सरकार ने पत्रकार हितों के लिए महत्वपूर्ण फैसले किए हैं, जिसमें वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान राशि फिर से शुरू की और सम्मान राशि को बढ़ाकर दस हजार रुपये किए हैं। गैर अधिस्वीकृत पत्रकारों को मेडिकल सुविधा प्रदान की, साथ ही पत्रकार आवास योजना को मूर्तरुप देने के दिशा-निर्देश दिए हैं। डिजिटल मीडिया को मान्यता देने के लिए नियम बनाए जा रहे हैं। इसी तरह पत्रकारों को पत्रकार सुरक्षा कानून भी जल्द ही बनाए जाने की उम्मीद है।

जिलाध्यक्ष जैन ने कहा कि पिछले दिनों जयपुर के युवा पत्रकार अभिषेक सोनी की जानलेवा हमले में मौत हो गई। उसका कसूर इतना था कि एक युवती को बदमाशों से बचाने की कोशिश की तो उस पर बदमाशों ने जानलेवा हमला करके लहुलूहान कर दिया। उदयपुर में हाल ही मीडियाकर्मी शकील को अपराध की खबर चलाने पर असामाजिक तत्वों ने धमकी दी, इससे पहले मीडियाकर्मी शंकर सरगरा के साथ एक चिकित्साकर्मी ने अभद्र व्यवहार किया। ये सभी घटनाएं एक साल के भीतर घटी हैं। पूर्व में भी ऐसी बहुत सी घटनाएं हो चुकी हैं। इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही है, जिससे पत्रकारों व दूसरे मीडियाकर्मियों में भय व खौफ है। लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को भयमुक्त करने के लिए राजस्थान में पत्रकारों की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है।

जार डूंगरपुर जिला महासचिव अब्दुल शाहिद ने बताया कि ज्ञापन में जार की की ओर से सुझाव भी दिए गए जिनमें पत्रकारों व मीडियाकर्मियों पर जानलेवा हमले, जान से मारने की धमकियों को गैर जमानती अपराध बनाने, उक्त अपराधों में सात साल से आजीवन कारावास तक के कठोर कारावास से दंडित करने और दो लाख से पांच लाख रुपये के जुर्माने के प्रावधान, जानलेवा हमले में पत्रकार की मृत्यु होने पर दोषियों पर मृत्युदंड की सजा और दस लाख रुपये के जुर्माने तक के प्रावधान, आश्रित पत्नी, बेटे-बेटी को सरकारी नौकरी दिए जाने के प्रावधान आदि सुझाव शामिल हैं।

मीडिया कवरेज के दौरान कवरेज से रोकने, अपशब्द कहने, जान से मारने की धमकी देने, हमले करने के कृत्य को राजकार्य में बाधा डालने जैसे गैर जमानती प्रावधान रखे जाने की मांग की गई है। साथ ही, हमले में किसी पत्रकार, फोटोजर्नलिस्ट्स, कैमरामैन व अन्य मीडियाकर्मी पर चोट पहुंचने पर इलाज की समस्त जिम्मेदारी राज्य सरकार वहन करे और उक्त खर्चे की वसूली दोषियों से करने की मांग की गई। इस अवसर पर दिनेश पांचाल ,महेश्वर चोबिसा,जितेंद्र शर्मा,नरेश भोई,सौरभ दुबे,गजेन्द्र उपाध्याय, जगदीश तेली,जुगल कलाल,जयेश भावसार,,सादिक अली,प्रवीण कोठारी,विपिन कोटेड सहित बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित थे।
डुंगरपुर
राजस्थान ब्यूरो जगदीश तेली
Khabar24एक्सप्रेस
राजस्थान
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7