Crime Report | Jagdish Teli | Pindwara Rajasthan News | Khabar 24 Express

राजस्थान के पिंडवाड़ा से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्यशैली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वीडियो में एक महिला पुलिस कांस्टेबल बीच सड़क पर अपनी कार खड़ी कर मिठाई खरीदने जाती नजर आ रही है, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।
मिठाई खरीदने के लिए रोकी सड़क, जनता होती रही परेशान
घटना पिंडवाड़ा कस्बे की बताई जा रही है, जहां महिला पुलिस कांस्टेबल ने अपनी सफेद रंग की कार को सड़क के बीचोबीच रोक दिया। पीछे से आ रहे वाहन चालक लगातार हॉर्न बजाते रहे और गाड़ी हटाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन कांस्टेबल पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। मजबूरी में लोग जाम में फंसे रहे।
वीडियो देखें 👇

बस ड्राइवर से उलझी महिला कांस्टेबल, दी धमकी
जैसे ही एक बस ड्राइवर ने ज्यादा हॉर्न बजाया, महिला कांस्टेबल गाड़ी से उतरकर उससे बहस करने लगी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ड्राइवर अपनी ड्यूटी टाइम का हवाला देता है, लेकिन कांस्टेबल खाकी का रौब दिखाते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती है। वह ड्राइवर को “लंगूर” तक कहती सुनाई देती है और उसकी बस को कंपनी से हटवाने की धमकी भी देती है।
वीडियो में कैद हुई पूरी घटना
बस ड्राइवर ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में साफ दिखता है कि बहस के दौरान भी महिला कांस्टेबल अपनी गाड़ी साइड नहीं करती। वह पहले मिठाई की दुकान से सामान लेती है और उसके बाद ही कार आगे बढ़ाती है। इस दौरान बस के पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
सोशल मीडिया पर भड़का गुस्सा
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि अगर आम नागरिक ऐसा करता तो तुरंत चालान या कार्रवाई हो जाती, लेकिन खाकी वर्दी पहनने वालों पर नियम क्यों लागू नहीं होते?
पुलिस प्रशासन की चुप्पी
हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यह सवाल और गहरा हो गया है कि क्या वर्दी पहनने से कानून से ऊपर होने का अधिकार मिल जाता है?
यह घटना सिर्फ एक ट्रैफिक जाम का मामला नहीं, बल्कि पुलिस की जवाबदेही, भाषा और व्यवहार पर बड़ा सवाल है। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के बाद पुलिस प्रशासन इस महिला कांस्टेबल पर कोई कार्रवाई करता है या मामला यूं ही ठंडे बस्ते में चला जाता है।
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7