
आज शख्सियत में हम बात करेंगे अभिनय के जादूगर राजपाल यादव की। राजपाल यादव बेहतरीन अभिनेता ही नहीं बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी हैं। राजपाल यादव दिल के सच्चे और साफ इंसान हैं।
राजपाल यादव ऐसे पहले कलाकार हैं जिन्होंने अच्छे-अच्छे हीरो को अपने अभिनय के सामने फीका कर दिया। इन्होंने कॉमेडी के साथ-साथ हर तरह के रोल किये हैं। आज राजपाल यादव उस मुकाम पर पहुंच चुके हैं कि अगर वो कहीं खड़े भी हो जाएं तो हजारों की भीड़ उनको घेर लेती है। वो अपने करोड़ों फेन्स के बहुत ही चहेते रोल मॉडल हैं। अभिनय के क्षेत्र में राजपाल यादव का कद आज इतना बड़ा है कि इनका नाम बड़े-बड़े अभिनेताओं के साथ किया जाता है।

राजपाल यादव को अपने अभिनय के लिए कई सारे पुरस्कार भी मिले हैं। अभी इसी रविवार राजपाल यादव को फिल्म्स में बेहतरीन अभिनय के लिए Giants International Award दिया गया। ये अवार्ड कई क्षेत्रों के लिए दिया जाता है। रतन टाटा इत्यादि को भी इन्हीं के साथ अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।
Giants नाम की ये संस्था साइना एनसी की है जो दुनियाभर के लोगों को अपने बेहतरीन कार्य के लिए पुरुस्कृत करती आयी है।

राजपाल यादव हिन्दी फिल्मों के ऐसे हास्य अभिनेता हैं जो कि हिन्दी सिनेमा में अपने बेहतरीन और खास अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वे अपनी काॅमिक टाइमिंग की वजह से बाॅलीवुड में खासे मशहूर हैं।
राजपाल यादव को बचपन से एक्टिंग का शौक चढ़ गया था। साधारण परिवार में जन्में राजपाल यादव का जन्म उ.प्र. के शाहजहांपुर में हुआ।
यहीं से इनकी स्कूल की पढ़ाई भी हुई। स्कूल के समय से ही राजपाल यादव नाटकों से जुड़ गए। स्कूल में कोई भी प्रोग्राम होता उसमें राजपाल जरूर हिस्सा लेते। 1989 से राजपाल थियेटर से जुड़ गए। जहां पर उन्होंने कई नाटक किए। इसके बाद 1992-94 के दौरान वे लखनऊ के भारतेंदु नाट्य एकेडमी में थियेटर ट्रेनिंग के लिए आ गए। वहां दो साल का कोर्स करने के बाद 1994-97 के दौरान वे दिल्ली के नेशनल स्कूल आॅफ ड्रामा चले गए। इसके बाद वे 1997 में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में अपना करियर बनाने के लिए मुंबई आ गए।

राजपाल यादव ने दूरदर्शन के टेलीविजन सीरियल मुंगेरी के भाई नौरंगीलाल में अभिनय किया। यह दूरदर्शन पर ही प्रसारित होने वाले सीरियल मुंगेरीलाल के हसीन सपने का ही सीक्वेल था। राजपाल यादव निगेटिव रोल्स करने में सफल हुए लेकिन बाद में उन्होंने काॅमेडी रोल्स को ज्यादा तवज्जो दी जैसा कि उन्होंने “प्यार तूने क्या किया” में अभिनय किया था और इसके बाद वे हिन्दी फिल्मों के मुख्य हास्य कलाकार बन गए। हंगामा, वक्त दी रेस अंगेस्ट टाइम, चुप चुप के, गरम मसाला, फिर हेराफेरी, ढोल जैसी फिल्मों में उन्होंने दर्शकों को खूब लोटपोट किया।
काॅमेडी फिल्मों के अलावा उन्होंने कई फिल्मों में अग्रणी अभिनेता के तौर पर कैरेक्टर रोल्स भी किए जैसे “मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूँ”, “लेडीज टेलर”, “रामा रामा क्या है ड्रामा”, “हेलो! हम लल्लन बोल रहे हैं” “कुश्ती”, “मिर्च” “मैं, मेरी पत्नी और वो” “अंडरट्रायल” आदि। “अंडरट्रायल” और “मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूँ” जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा और सम्मानित भी किया गया।

फिल्म जंगल में निभाए गए उनके निगेटिव रोल के लिए उन्होंने सैन्सुई स्क्रीन बेस्ट एक्टर अवार्ड जीतने के साथ साथ स्क्रीन के बेस्ट एक्टर अवार्ड के लिए भी उन्हें नामांकित किया गया। मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूं के लिए उन्हें यश भारती अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। उन्हें जनपद रत्न अवार्ड से भेी सम्मानित किया जा चुका है।
दिल क्या करे, मस्त, शूल, जंगल, प्यार तूने क्या किया, कोई मेरे दिल से पूछे, तुमको ना भूल पाएंगे, कंपनी, हम किसी से कम नहीं, चोर मचाए शोर, एक और एक ग्यारह, द हीरोःलव स्टोरी आॅफ ए स्पाई, हंगामा, मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूं, आॅन मेन एट वर्क, मुझसे शादी करोगी, वक्त द रेस अंगेस्ट टाइम, क्या कूल हैं हम, मैंने प्यार क्यों किया, मैं, मेरी पत्नी और वो, गरम मसाला, अपना सपना मनी मनी, मालामाल वीकली, फिर हेराफेरी, चुप चुप के, लेडीज टेलर, भागमभाग, अंडरट्राएल, पार्टनर, ढोल, भूलभुलैया, के्रजी 4, भूतनाथ, मेरे बाप पहले आप, सी कंपनी, बिल्लू, दे दना दन, कुश्ती, खट्टा मीठा, पुलिसगिरी, रंगरेज, क्रिश 3, मैं तेरा हीरो इत्यादि।

राजपाल यादव डेविड धवन की “जुड़वा 2” में वरुण धवन के साथ खूब गुदगुदाते नज़र आएंगे। जुड़वा 2 इसी महीने की 29 तारीख को रिलीज हो रही है।
आपको बता दें कि राजपाल यादव की फैन फॉलोइंग जबर्दस्त है। लाखों करोड़ों चाहने वाले हैं जो भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के हर हिस्से में मिल जाएंगे।
राजपाल यादव राजनीति में भी अपना हाथ आजमा रहे हैं इन्होंने “सर्व समभाव पार्टी (एसएसपी)” के नाम से एक पॉलिटिकल पार्टी भी बनाई है। सर्व समभाव पार्टी को लेकर राजपाल यादव ने कहा कि वो एक सपने को जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह पार्टी चुनावी मौसम का मेढक नहीं है, जब हम समाज के समक्ष अपनी भावना लेकर हाजिर हों और समाज को यह विचार करने के लिए प्रेरित करें कि वे सार्थक, सकारात्मक, रचनात्मक विकल्प के बारे में सोचें। यह दीर्घकालिक अभियान की शुरुआत है।” उन्होंने कहा, “हम आंदोलन का फैशन चलाकर सत्ता हासिल करने की जुगत करने वाली जमात नहीं हैं, हम आपस में सीधा संवाद करने, पीड़ा को साझा करने तथा समस्याओं का हल तलाशने और विवाद खत्म करने के लिए जूझने वाली जमात हैं। राजपाल यादव के मुताबिक यह पार्टी चुनावी मौसम का मेढक नहीं है। हमारे दीर्घकालिक अभियान की यह शुरुआत है।” उन्होंने कहा, “हम विकास के पक्षधर हैं, लेकिन मेट्रो बनने से पहले गन्ना किसानों के बकाये की पाई-पाई चुकता होते देखना चाहते हैं। हम एक्सप्रेस-वे के हामी तो हैं, लेकिन उससे पहले गांव-गांव तक सड़कें बनना देखना चाहते हैं। राजपाल यादव ने कहा को समृद्ध भारत उनका एक सपना है जो उनके जीते जी जरूर पूरा होगा।
खैर राजपाल यादव जिस क्षेत्र में जाएँ वो सुपरहिट हैं। अब चाहे वो नेता के रूप में हों या अभिनेता में रूप में उनके चाहने वालों के लिए वो हर रूप में पसंद हैं।
हम तो केवल इतना कहेंगे कि वो जहां भी जाएँ हर जगह सफल हों और सफलता के सातवें आसमान को छुएँ।
*****

मनीष कुमार
ख़बर 24 एक्सप्रेस
Discover more from Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Khabar 24 Express | India's Leading Hindi News Network Khabar 24 Express brings the latest Hindi News, Breaking News, Live TV, India News, Maharashtra News, Nagpur News, Politics, Crime, Business, Sports, Entertainment, Technology, Auto, Health, Education, Lifestyle and World News with fast, accurate and trusted updates 24×7